गन्नौर। लघु सचिवालय में एसडीएम डॉ. निर्मल नागर ने सोमवार को आरसी और लाइसेंस ब्रांच का निरीक्षण किया। एसडीएम नागर ने ब्रांच का रिकॉर्ड जांचने के साथ कर्मियों को निर्देश दिए कि आमजन के कार्यों में दिक्कत नहीं आनी चाहिए। आरसी और लाइसेंस ब्रांच के निरीक्षण में एसडीएम ने पाया कि आरसी और लाइसेंस रिकॉर्ड रखने में लापरवाही बरती जा रही है। रिकॉर्ड के रजिस्टर पूरे तैयार नहीं मिले और कई रजिस्टरों में वर्ष व महीने का भी उल्लेख नहीं किया गया था। जवाब में कर्मचारियों ने बताया कि सभी फाइलों का रिकॉर्ड ऑनलाइन है। इस पर एसडीएम ने कहा कि सभी फाइलों का रिकॉर्ड ऑनलाइन तो है, लेकिन वह आरसी एवं लाइसेंस का ऑफलाइन रिकॉर्ड वर्ष व महीने के साथ तैयार करें, ताकि जरूरत पड़ने पर आसानी से मिल सके। उन्होंने लाइसेंस क्लर्क को नोटिस जारी कर रिकॉर्ड को वर्ष व महीने के साथ तैयार करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया। उन्होंने तत्कालीन लाइसेंस क्लर्क ज्योति व कपिल को भी अपने समय का सारा रिकॉर्ड सही तरह से ब्रांच को सौंपने के लिए नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं।