सोनीपत। वन स्कूल एप पोर्टल पर काफी संख्या में विद्यार्थियों की ओर से डाटा अपलोड नहीं किए गए हैं। जिन विद्यार्थियों ने अपलोड किए हैं उनमें से भी काफी के दस्तावेजों में खामियां हैं। ऐसे विद्यार्थियों को अपनी दूसरी और तीसरी तिमाही छात्रवृत्ति से हाथ धोना पड़ सकता है।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से सोनीपत सहित 13 जिलों के शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर पोर्टल पर सभी विद्यार्थियाें के दस्तावेजों की जांच करवाकर उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से सभी खंड शिक्षा अधिकारी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निदेशालय का कहना है कि विद्यार्थियों का बीते व वर्तमान शैक्षणिक सत्र का डाटा अब तक वन स्कूल एप पोर्टल पर अपडेट नहीं हो पाया है। ऐसे में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के एससी वर्ग के विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह सकते हैं।
अगर पोर्टल पर जल्द दस्तावेजों का विवरण अपडेट नहीं किया गया तो इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन, कक्षा प्रभारी के साथ विद्यार्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
निदेशालय ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जिन विद्यार्थियों की प्रोफाइल में बैंक अकाउंट, बैंक का नाम, आईएफएससी कोड, परिवार पहचान पत्र अंकित या पूर्ण नहीं हैं उन्हें शीघ्र पूर्ण करवाएं। इससे वर्ष 2024-25 सत्र के लंबित पात्र विद्यार्थियों की दूसरी व तीसरी तिमाही छात्रवृत्ति जल्द दी जा सके।
जिन विद्यार्थियों के दस्तावेजों में कमी है या जिन्होंने आवेदन नहीं किया है उनकी पूरी जानकारी पोर्टल के स्टेटस ऑफ स्कॉलरशिप में दिए गए ऑप्शन में उपलब्ध है।
वर्जन
विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने पत्र जारी कर वन स्कूल एप पोर्टल पर विद्यार्थियाें के दस्तावेजों को अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। इस बारे में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। -नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत।