सोनीपत। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मार्केटिंग बोर्ड) की ओर से जिले की पांच सड़कों का जल्द पुनर्निर्माण करवाया जाएगा। सड़कों के पुनर्निर्माण पर करीब 4.62 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस कार्य के लिए मुख्यालय की ओर से बजट को मंजूरी मिल चुकी है।
मार्केटिंग बोर्ड ने सड़कों के सुधार के लिए अगले सप्ताह टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। सड़कों का नवीनीकरण होने से वाहन चालकों के साथ ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। फिलहाल खस्ताहाल सड़कों के चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मार्केटिंग बोर्ड की ओर से हलका राई के तहत आने वाली 5 सड़कों का नवीनीकरण करवाया जाएगा। विधायक कृष्णा गहलावत ने बोर्ड के अंतर्गत आने वाली पांचों सड़कों के पुनर्निर्माण व चौड़ीकरण को लेकर करीब 4 करोड़, 62 लाख रुपये की राशि को मंजूरी दिलवाई है। ग्रामीण काफी समय से सड़क सुधार की मांग कर रहे थे।
लोगों की समस्या को देखते हुए मार्केटिंग बोर्ड ने सड़कों का बजट तैयार कर मुख्यालय भेजा था, जिसे मंजूरी मिलने के बाद अब जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। टेंडर के बाद अलॉटमेंट मिलते ही मार्केटिंग बोर्ड की ओर से सड़कों के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू करवाया जाएगा। सड़कों का पुनर्निर्माण होने से आवागमन में गड्ढों की समस्या कम होगी।
इन सड़कों का होगा सुधार
सड़क लंबाई लागत
-गांव मलिकपुर से सनपेड़ा रोड 3 किलोमीटर 1.53 करोड़
-गांव हलालपुर से फिरोजपुर बांगर 4.50 किलोमीटर 1.54 करोड़
-दीपालपुर बसौदी से मुकीमपुर बसौदी रोड 0.7 किलोमीटर 14 लाख
-राठधना से बंदेपुर रोड 2.2 किलोमीटर 47 लाख
-खुर्मपुर मनौली से से भैराबांकीपुर बांध तक 1.73 किलोमीटर 96 लाख
हलके के अंतर्गत आने वाली खस्ताहाल सड़कों के सुधार के लिए एक वर्ष में करीब 18 करोड़ रुपये की मंजूरी दिलवाकर हलकावासियों को सौगात दी गई है। कुछ सड़कों का काम पूरा हो चुका है जबकि कई पर कार्य जारी है। अब पांच सड़कों के लिए 4 करोड़ 62 लाख रुपये की मंजूरी मिली है। मार्केटिंग बोर्ड से जल्द टेंडर लगवाकर सड़कों का पुनर्निर्माण शुरू करवाया जाएगा। जल्द ही हलके की सभी सड़कें गड्ढा मुक्त होंगी।
- कृष्णा गहलावत, विधायक, हलका राई