सोनीपत। ट्रेनों में सफर कर रहे दो यात्रियों के सोनीपत स्टेशन पर बैग चोरी हो गए। बैग में पांच मोबाइल और नकदी थी। पीड़ितों ने ओल्ड दिल्ली रेलवे स्टेशन व जम्मू के कटरा रेलवे स्टेशन पर चोरी के मुकदमे दर्ज कराए हैं। जीरो एफआईआर मिलने पर सोनीपत रेलवे पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।
पंजाब के पठानकोट स्थित ओल्ड शाहपुर रोड ग्रीन कॉलोनी निवासी राघव वर्मा ने ओल्ड दिल्ली रेलवे स्टेशन राजकीय रेलवे पुलिस को बताया कि वह 27 मई को ट्रेन में सफर कर रहे थे। जब वह सोनीपत स्टेशन पर पहुंचे तो उनके तीन मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए। जब उन्हें मामले का पता लगा तो दिल्ली रेलवे स्टेशन पर जाकर शिकायत दर्ज कराई। जिस पर अब सोनीपत रेलवे पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं महाराष्ट्र के वेस्ट थाणे स्थित डोंबिवली के गणेश नगर निवासी प्रणव तिवारी ने जम्मू के कटरा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी को बताया कि सोनीपत में उनका बैग चोरी हो गया। वह मालवा एक्सप्रेस में 22 मई को मथुरा से यात्रा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सोनीपत स्टेशन के पास चोरी हुए उनके पर्स में दो मोबाइल फोन, दो हजार रुपये व उनके सरकारी पहचान पत्र था। उनकी शिकायत मिलने के बाद अब जीआरपी सोनीपत ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम मामलों की जांच कर रही है।