सोनीपत। नगर निगम के तहत आने क्षेत्र में बिन मौसम बारिश की वजह से हुए जलभराव के बाद प्रशासन चैतन्य हो गया है। बरसात के मौसम में जलभराव से बचने के लिए पहल शुरू कर दी है। नगर निगम ने अब निर्णय लिया है कि सभी डिस्पोजल पंपों पर जनरेटर रखे जाएंगे। इसको लेकर नगर निगम ने 15 लाख रुपये का टेंडर आवंटित किया है। बिन मौसम बारिश होने से नगर निगम की ओर से मोटर न चलाने के कारण शनि मंदिर रेलवे अंडरब्रिज में कई घंटे तक पानी भरा था।
पानी निकासी सुचारु नहीं होने के कारण सड़कों व गलियों में कई फुट तक पानी भर जाता है। चिह्नित पॉइंट में सबसे ज्यादा समस्या शनि मंदिर अंडरब्रिज पर आती है। ज्यादा बारिश होने पर यहां 10 फुट से भी ज्यादा पानी भर जाता है। वहीं, सारंग रोड अंडरपास में पानी भरा रहता है। अन्य पॉइंट के आसपास भी जलभराव के कारण यातायात जाम जैसी स्थिति बनी रहती है।
पानी की निकासी कई घंटे में होती है, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करन पड़ता है। निगम क्षेत्र में चिह्नित सभी 28 पॉइंट पर यही समस्या मिली कि प्लास्टिक के कारण नाला अवरुद्ध होने से पानी निकासी में काफी वक्त लग जाता है।
नगर निगम के पास यह है व्यवस्था
बारिश के पानी की निकासी के लिए नगर निगम के पास पांच ट्रैक्टर व पांच इंजन हैं। साथ ही 15 सुपर शकर मशीन और 20 पंप सेट हैं। उसके बाद भी निगम प्रशासन समय पर पानी की निकासी कराने में पिछड़ जाता है, जिसकी वजह से सड़कों पर पानी भर जाता है। अब नगर निगम ने क्षेत्र के लिए जनरेटर रखवाने का निर्णय लिया है। इसके लिए 15 लाख रुपये का टेंडर एजेंसी को दिया है। शहर के शनि मंदिर के पास, राठधना एसटीपी, मॉडल टाउन, कबीरपुर व राई में जनरेटर स्थापित किए जाएंगे।
शहर की आबादी का बोझ बढ़ने से एसटीपी नहीं कर रहा काम
गांव राठधना के पास सीवर ट्रीटमेंट प्लांट कई वर्ष पुराना है, जो देखरेख के अभाव में जर्जर हो चुका है। इसकी क्षमता प्रतिदिन 30 मिलियन लीटर पानी शोधन करने की है। शहर की आबादी का बोझ इतना बढ़ा कि निकलने वाला पानी जो डेढ़ दशक पहले 20 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) था, वह बढ़कर अब 45 एमएलडी तक पहुंच गया है। क्षमता से अधिक पानी पहुंचने के कारण एसटीपी से सारा पानी निकासी नहीं हो रहा है, जिसकी वजह से ड्रेन नंबर छह पानी से भरी हुई है।
निगम क्षेत्र से पानी निकासी के लिए पांच जनरेटर रखे जाएंगे। इसके लिए 15 लाख रुपये का टेंडर एजेंसी को दिया गया है। ड्रेन के पानी की बेहतर निकासी के लिए समाधान निकाला जा रहा है। -विशाल गर्ग, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम