सोनीपत। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की वजह से लगातार चौथे दिन शनिवार को ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। पंजाब व जम्मू में बाढ़ आने व भूस्खलन के कारण उत्तर रेल मंडल की ओर से लंबी दूरी की 51 एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन को रद्द करने का निर्णय लिया है।
वहीं कई एक्सप्रेस ट्रेनों का बीच मार्ग के रेलवे स्टेशनों तक परिचालन किया जा रहा है। ऐसे में सोनीपत से पहले बुक करवाए गए टिकटों को रोजाना 35 यात्री रद्द करवा रहे हैं। बारिश के प्रभाव का असर दिल्ली-अंबाला रूट पर भी पड़ रहा है।
सोनीपत स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई अहम ट्रेनें चौथे दिन भी रद्द रहीं। इनमें झेलम एक्सप्रेस, जम्मू मेल, मालवा एक्सप्रेस रद्द रही। जम्मूतवी एक्सप्रेस अमृतसर तक चलाई गई। ऐसे में सोनीपत से पंजाब व जम्मू की ओर आवागमन करने वाले यात्रियों को अपने टिकट रद्द करवाने पड़ रहे हैं। उन्हें निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
आज इन ट्रेनाें का परिचालन रद्द रहेगा
जम्मूतवी स्पेशल एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, जम्मूतवी एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, जम्मू मेल, टाटा नगर एक्सप्रेस।