सोनीपत। जिले में बाइक चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। अलग-अलग थानों में बाइक चोरी के पांच मुकदमें दर्ज किए गए हैं। पुलिस टीमें चोरों तक पहुंचने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। शहर की ऋषि कालोनी के रहने वाले सोहन लाल ने बताया कि वह काम से ऑस्कर अस्पताल में गया था। उसने अपनी बाइक को अस्पताल के बाहर खड़ा किया था। चोर उसकी बाइक चोरी कर ले गए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव राठधना के रहने वाले विजय की बाइक उसके घर के बाहर से चोरी हो गई। पीडि़त की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव गढ़ी केसरी के हरि नगर के रहने वाले जितेंद्र की बाइक को भी चोर उसके घर के पास से चोरी कर ले गए। उसने बाइक को घर के पास खड़ा किया था। बाद में जब बाइक लेने पहुंचा तो बाइक गायब मिली। गन्नौर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर गांव सोहटी के रहने वाले विक्रम की बाइक उसके खेत से चोरी हो गई। विक्रम ने बताया कि उसने बाइक को खेत में खड़ा किया था। वहां से कोई उसे चोरी कर ले गए। खरखौदा पुलिस ने बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। न्यू मंडी गोहाना के रहने वाले पवन की बाइक को गांव रामगढ़ से चोरी कर लिया गया। सदर गोहाना पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।