खरखौदा। गांव गोपालपुर स्थित गन्ने के खेत में वीरवार दोपहर अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। कुछ दूर गन्ने की छिलाई कर रहे मजदूरों ने खेत में लगी आग देखकर उसे बुझाने की कोशिश की और किसान व दमकल विभाग को फोन कर सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, तब तक तीन एकड़ फसल जलकर नष्ट हो गई थी।
गोपालपुर निवासी हवा सिंह ने अपने खेत में आठ एकड़ में गन्ने की फसल लगा रखी है। जिसमें वीरवार दोपहर अज्ञात कारणों के चलते अचानक आग लग गई। पास में ही दूसरे खेत में गन्ने की छिलाई कर रहे मजदूरों ने जब गन्ने में आग की लपटें उठती हुई देखी तो वह सभी आग पर काबू पाने के लिए दौड़े और किसान को भी इसकी सूचना दी। जिसके बाद काफी संख्या में ग्रामीण आग पर काबू पाने के लिए दौड़ पड़े। दमकल केंद्र को भी इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल कर्मी गाड़ी लेकर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक गन्ने की काफी फसल जल चुकी था। हवासिंह ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।