खरखौदा के थाना कलां मार्ग पर स्थित ‘बेस्ट बचत बाजार’ नामक फर्नीचर शोरूम में रविवार को आग लग गई। इससे यहां रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। दमकल की चार गाड़ियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी के चलते आसमान में धुएं का गुबार एकत्र हो गया वहीं आग की लपटें भी काफी दूर तक जाती दिखाईं दी। घटना की सूचना पाकर तहसीलदार शिवकुमार सैनी मौके पर पहुंचे, वहीं थाना प्रभारी राजपाल पुलिस के साथ मौजूद रहे।
थाना कलां मार्ग पर ‘बेस्ट बचत बाजार’ के नाम से फर्नीचर और गद्दों का शोरूम है। शोरूम के प्रोपराइटर श्रीकृष्ण के पुत्र आनंद ने बताया कि उसके तीन वर्षीय भतीजे वंश को शोरूम में खेलते हुए माचिस मिल गई। उसने अनजाने में माचिस की तीली जला ली और गद्दों पर फेंक दी। जब तक वह आग पर काबू पाने की कोशिश करते आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। लगभग 11 बजे की इस घटना के तुरंत बाद उसने दमकल केंद्र को इसकी सूचना दी, लेकिन बवाना से जहां फायरब्रिगेड नहीं आ सकी वहीं सोनीपत से करीब एक घंटे बाद चार दमकल पहुंचीं। इतनी देर में आग ने पूरे शोरूम को चपेट में ले लिया। लगभग साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
शोरूम के ऊपर बने कमरे में फंसी महिला, सीढ़ी और रस्से के सहारे बचाया
आनंद का कहना है आगजनी की घटना के दौरान उसकी भाभी सीमा शोरूम के ऊपर बने कमरे फंस गई थी। जिससे आस-पड़ोस के लोगों ने शोरूम की दूसरी तरफ सीढ़ी और रस्सा आदि बांध कर छत से उतारा।
पहले एक और फिर दो घंटे बाद पहुंचीं तीन अन्य दमकल
खरखौदा या आसपास के गांवों में जब भी आगजनी की घटना होती है तो फायरब्रिगेड को सोनीपत से बुलाना पड़ता है। जब तक दमकल घटनास्थल पर पहुंचती है तब तक काफी नुकसान हो चुका होता है। कमोवेश ऐसा ही कुछ रविवार को भी हुआ। सूचना के एक घंटे बाद एक फायरब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। जब आग पर काबू नहीं पाया जा सका तो सूचना पर तीन अन्य गाड़ी दो घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचीं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते दमकल घटनास्थल पर पहुंच जातीं तो नुकसान कम हो सकता था।
आर्थिक मदद दिलाने का होगा प्रयास
मौके पर पहुंचे तहसीलदार शिवकुमार सैनी का कहना है कि इस आगजनी में हुए नुकसान का आकलन करने के बाद केस बनाकर आला अधिकारियों को भेजा जाएगा। ताकि पीड़ित की आर्थिक मदद हो सके। इसके साथ ही जिला उपायुक्त से भी खरखौदा में फायरबिग्रेड की गाड़ी तैनात करने की मांग की जाएगी।