गांव निरथान में प्लॉट के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों में स्पार्किंग होने से तिरपाल में आग लग गई। तिरपाल के नीचे बैठे पांच पशुओं की झुलसने से मौत हो गई। पशुपालक दूध बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। हादसे में उसके सभी पशुओं की मौत से उसके सामने परिवार का पालन पोषण करने का संकट खड़ा हो गया है।
गांव निरथान निवासी पशुपालक सत्यवान ने पशुओं को पड़ोसी के प्लॉट में बांध रखा था। सोमवार रात प्लॉट के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों में स्पार्किंग होने के चलते नीचे रखे तिरपाल में आग जा लगी और तिरपाल से आग पास में ही रखी छत की कड़ियों में जा पहुंची। जिससे पशुओं के पास काफी धुआं होने से उनका दम घुट गया और आग से झुलस गए। जब तक ग्रामीण उन्हें देख पाते तब तक दो भैंस, एक कटड़ा व दो कटड़ी की मौत हो चुकी थी। इस दौरान अमरजीत, कर्मबीर, हरिपाल, सत्यवान, रामचंद्र, परमजीत, संजय, आनंद आदि ने सरकार व प्रशासन से पशुपालक को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई है। संवाद