संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। कच्चे क्वार्टर मार्केट स्थित रेडिमेड गारमेंटस की दुकान में शुक्रवार रात करीब नौ बजे आग लग गई। दुकानदार एक घंटा पहले ही दुकान बंद कर घर गए थे। आसपास के दुकानदारों ने आग लगी देख अग्निशमन विभाग को अवगत कराया। जिस पर अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गन्नौर निवासी अंकित ने कच्चे क्वार्टर बाजार में हसीजा रेडिमेड गारमेंटस के नाम से दुकान खोल रखी है। वह बच्चों के कपड़े बेचते हैं। वह शुक्रवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर गए थे। उसके करीब एक घंटे बाद उन्हें दुकान में आग लगने का पता लगा। जिसपर वह वापस पहुंचे। इस दौरान साथी दुकानदारों ने अग्निशमन विभाग को मामले से अवगत कराया। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ज्यादातर सामान जल चुका था। अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच करेगी।