सबोली में फसल में आग लगने के बाद ट्रैक्टर चलाकर आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास करते किसान । संवाद
- फोटो : Sonipat
आग ने रविवार को जमकर तांडव मचाया। आग लगने के कारण कई गांव में गेहूं की फसल जल गई। गांव झुंडपुर व सबोली के खेतों में रविवार दोपहर बाद अज्ञात कारणों के चलते लगी आग से गेहूं की 75 एकड़ में फसल जल गई। किसानों ने मामले की सूचना दमकल कार्यालय में दी। सूचना के बाद सोनीपत व राई स्थित राजीव गांधी एजुकेशन सिटी से एक-एक गाड़ी को भेजा गया। आग लगने के कारण किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ। फसल जलने के बाद पीड़ित किसानों ने सरकार से मुआवजे की मांग की।
सबोली गांव के किसान सतपाल सिंह, प्रदीप ने आरोप लगाया कि एक फैक्टरी में खराब सामान जलाया गया था। जिसकी चिंगारी से उनकी फसल में आग लग गई। आग लगने के बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। तब तक सबोली गांव निवासी महेंद्र की 12 एकड़, जयपाल की साढ़े छह एकड़, प्रदीप की ढाई एकड़, राजेंद्र की डेढ़ एकड़, इंद्र, दिलबाग, जगबीर व अमित की एक-एक एकड़ गेहूं की फसल जल हो गई। वहीं जाखौली-झुंडपुर रोड पर भी आग लग गई। आग से फुरगान की छह एकड़, रिषपाल चौहान के साढ़े छह एकड़, कृष्ण के तीन एकड़, विजय चौहान के दो एकड़, प्रीतम सरदार की ढाई एकड़, जोगेंद्र सरदार की ढाई एकड़, जीत सरदार की ढाई एकड़, बारू की पांच एकड़, कुलदीप की छह एकड़, रमेश की तीन एकड़, अमरू की तीन एकड़, महेंद्र की तीन एकड़, बल्लू की तीन एकड़ फसल जल गई। इसके अलावा बंदेपुर के पास आधा एकड़ गेहूं की फसल व दो एकड़ में फांस जल गए।
सबोली में गेहूं की फसल में आग लगने के बाद उठतीं लपटें। संवाद- फोटो : Sonipat