सोनीपत। कुंडली बार्डर धरनास्थल पर ड्रेन नंबर आठ के पास किसानों के टेेंट में सिलिंडर से गैस लीक होने पर आग लग गई। पहले सिलिंडर में आग लगी और उसके बाद टेेंट में आग फैल गई। इससे टेेंट में मौजूद किसानों ने भागकर जान बचाई। उनमें से एक किसान झुलस गया तो 12 किसान सुरक्षित बाहर निकल गए।
आग से टेेंट के अलावा राशन, 5 मोबाइल, गद्दे, कुर्सियां व अन्य सामान जल गया। वहां आसपास के किसानों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका तो दमकल विभाग को सूचित किया गया। वहां ही देर में कुंडली औद्योगिक क्षेत्र से पहुंची दमकल गाड़ी की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।
कुंडली बॉर्डर धरनास्थल पर ड्रेन नंबर आठ के पास शनिवार को सुबह करीब 10 बजे पटियाला निवासी किसान दुग्गल सिंह के टेेंट में किसान खाना बना रहे थे। उसी समय सिलिंडर से गैस लीक होने से अचानक आग लग गई। आग तुरंत ही फैलती चली गई और उसने पूरे टेेंट को चपेट में ले लिया। जिससे टेेंट में मौजूद करीब 13 किसान बाहर भागने लगे तो उनमें से एक किसान झुलस गया और अन्य किसान सुरक्षित बाहर निकल गए।
आग की लपटें उठती देख आसपास के किसानों भी वहां जमा हो गए और स्थानीय साधनों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग बढ़ती ही गई। वहां करीब आधे घंटे के बाद कुंडली औद्योगिक क्षेत्र से दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसकी मदद से आग पर काबू पाया जा सका। उस समय तक टेेंट पूरी तरह से जल चुका था और उसमें रखा राशन, किसानों के 5 मोबाइल, 20 कुर्सियां, 20 गद्दे व अन्य सामान भी जलकर राख हो गया। किसान दुग्गल ने बताया कि सामान काफी जल गया, लेकिन यह अच्छी बात रही कि टेेंट में मौजूद सभी किसान सुरक्षित बच गए। वह खुद मामूली रूप से झुलस गया, जिसका उपचार कराया गया। वहीं इस घटना के बाद आसपास के काफी किसान वहां पहुंच गए। आग बुझने के बाद मलबे व राख को एक घंटे में सभी किसानों ने हटा दिया और धरनास्थल को पानी से साफ कर दिया। इसके साथ ही नया टेेंट लगाने की तैयारी कर दी। किसान नेताओं ने हिदायत दी है कि वह खाना बनाते वक्त सिलिंडर को टेेंट से बाहर रखे, जिससे इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।