हरियाणा के सोनीपत में एचएसआईआईडीसी कुंडली स्थित एक फैक्टरी में बुधवार देर रात आग लग गई। आग लगने से दो श्रमिकों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। कुंडली थाना प्रभारी रवि कुमार ने कहा कि अभी फैक्टरी मालिक से पूछताछ की जाएगी। उसके बाद ही आग लगने के कारणों की पुष्टि होगी।
एचएसआईआईडीसी कुंडली की एक फैक्टरी में बुधवार रात को अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना पर कुंडली की टॉप्स नाइट पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई। उन्होंने आग लगने की सूचना फायर ऑफिस को दी। आग ने फैक्टरी में रखे केमिकल को पकड़ लिया। जिस वजह से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसके बाद आग ने पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की सूचना पर कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की 9 गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग तेजी से फैल रही थी जिस वजह से आसपास की सभी फैक्टरियों को खाली करा लिया गया। टॉप्स नाइट पेट्रोलिंग की टीम ने फैक्टरी के बेसमेंट से दो श्रमिकों के शव निकाले हैं। दोनों श्रमिक फैक्टरी में ही जिंदा जल गए हैं।