गांव रामनगर के पास स्थित एसआर प्लास्ट्रोड्रम फैक्टरी में सुबह आग लग गई। फैक्टरी के अंदर दो प्लांट लगे है। जिसमें एक प्लांट में प्लास्टिक के ड्रम व बाल्टी बनाए जाते हैं और दूसरे में ड्रम व बाल्टी पर प्रिंटिंग की जाती है। सोमवार सुबह साढ़े छह बजे बजे अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम को सूचना दी गई। आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग से फैक्टरी मालिक को भारी नुकसान हुआ है। एक प्लांट पूरी तरह से जल गया। प्रिंटिंग प्लांट में भी आग पहुंच गई है। जिसे काबू करने का प्रयास जारी है।
मामले की सूचना के बाद बड़ी थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम लोगों को फैक्टरी से दूर रखने में मदद कर रही है। आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है।
फैक्टरी में लगी आग के बाद आसमान में धुएं का गुबार उठ गया। लोग आसमान में दिख रहे धुएं के चलते कंपनी की तरफ दौड़ पड़े। वहां लोगों का जमावड़ा लगने लगा तो पुलिस ने उन्हें हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
रामनगर के पास प्लास्टिक ड्रम फैक्टरी में आग लगने की सूचना सुबह सात बजे मिली थी। तुरंत टीम मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने के लिए आठ-नौ गाड़ी लगी हुई है। आग से लाखों का नुकसान हुआ है। -युद्धवीर सिंह, थाना प्रभारी, बड़ी।