संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौद। वार्ड नंबर-13 स्थित टेकराम आटा चक्की के पास रहने वाली एक महिला पर पड़ोसियों की तरफ से घर में घुसकर जानलेवा हमला करने के आरोप के मामले में खरखौदा थाना पुलिस ने दो महिलाओं सहित पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कार्रवाई न होने से घायल महिला के पड़ोस में रहने वाली महिलाओं ने एकत्रित होकर वीरवार शाम रोड जाम कर दिया था। इस पर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया था।
घायल मंजू ने आरोप लगाया था कि बुधवार रात करीब 8:30 बजे वह दोनों नाबालिग बच्चों के साथ घर में सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान राजबीर, उसकी पत्नी लखपति, बेटा पारस और बेटी निशु घर में घुस आए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वहीं आरोपी दयानंद ने घर के बाहर से आवाज देकर कहा कि इसे मार दो।
महिला का आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला किया और उसे दीवार से टकराकर घायल कर दिया। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। महिला के अनुसार आरोपी उनके घर को लेकर रंजिश रखते हैं और पहले भी उन पर हमला कर चुके हैं।
उन्होंने पुलिस को शिकायत देने के साथ ही समाधान शिविर में भी शिकायत दी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई तो न्यायालय का रुख किया। महिला ने बताया कि हाल ही में अदालत से उनके पक्ष में रोक आदेश मिला था जिससे नाराज होकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए थे। घटना के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी और घायल महिला को उपमंडल नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद पीजीआई, रोहतक ले गए।
वीरवार को एकत्रित हुई महिलाओं ने यह कहते हुए रोड जाम कर दिया था कि इतना कुछ हो जाने के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया था और अब मामले में पुलिस ने मंजू की शिकायत पर पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।