नरेंद्र नगर निवासी 6 साल की बच्ची जिसके लापता होने के बाद परिजनों ने आईटीआई चौक पर जाम लगा दिया। वह बच्ची देर रात अपने ही घर की छत पर सोती हुई मिली। खास बात यह है कि अपहरण का शक जाहिर करते हुए जाम लगाने वाले परिजनों के खिलाफ पुलिस ने जाम लगाने का मामला भी दर्ज कर लिया है। बता दें कि नरेंद्र नगर निवासी चरणजीत के घर से शनिवार देर रात उसकी 6 साल की लड़की मन्नत अचानक लापता हो गई थी। जिसके बाद परिजनों ने अपहरण का शक जताते हुए शहर के आई टीआई चौक पर जाम लगा दिया था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के समझाने के बाद भी जाम नहीं खोला। पुलिस ने परिजनों के बयान पर मामला अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर परिजनों के साथ मिलकर रात के समय ही लड़की को तलाश करनी शुरू कर दी थी। इसी दौरान चाचा को मन्नत घर की छत पर ही सोती हुई मिल गई। इसके बाद ही परिजन सड़क से हटे। लगभग दो घंटे तक आईटीआई चौक पर जाम होने के चलते वाहन चालकों को भी काफी दिक्कत आई थी। इस मामले में पुलिस ने अब परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कुल 35 लोगों के खिलाफ सड़क पर जाम लगाने तथा कामकाज में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज किया गया है।