गोहाना। सदर थाना पुलिस ने केंद्रीय सहकारी बैंक की तिजोरी 11.95 लाख रुपये, 12 बोर बंदूक व सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर चोरी के 5वें आरोपी गौतम को किया गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गौतम बिहार में भागलपुर जिला के महेशपुर गांव का रहने वाला है।
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि 18 सितंबर 2023 को जयपाल ने थाना सदर में चोरी की प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार उन्होंने मुंडलाना गांव में स्थित केंद्रीय सहकारी बैंक की शाखा में 16 सितंबर को शाखा प्रबंधक के पद का कार्यभार संभाला था। शाम करीब पांच बजे सभी कर्मचारी बैंक बंद कर चले गए थे। उस समय बैंक की तिजोरी में 1195328 रुपये थे। दूसरे दिन सुबह करीब 9 बजे सफाईकर्मी रोहताश बैंक में सफाई करने के लिए आया, तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला। कर्मचारी ने फोन कर उसे ताला टूटा होने की सूचना दी। उन्होंने बैंक में पहुंचकर तिजोरी देखी तो उसमें रखे रुपये नहीं मिले। गार्ड मोहनलाल की 12 बोर की बंदूक तथा सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी नहीं मिली। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पवन, शोबिंद, राहुल व देवानंद को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने अब चोरी में शामिल रहे पांचवें आरोपी गौतम को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।