सोनीपत। बदमाशों ने अलग-अलग स्थानों पर युवक और किसान को लूट लिया। युवक को नेशनल हाईवे-44 पर गांव भिगान के पास पिस्तौल दिखाकर मोबाइल और सोने का कड़ा और गांव जाहरी अंडरपास के पास किसान से नकदी व मोबाइल लूटकर भाग गए। मुरथल व सदर थाना पुलिस ने लूट के मुकदमें दर्ज कर लिए हैं।
पंजाब के अमृतसर जिले के मेडिकल एन्क्लेव निवासी सुमित सरीन ने थाना प्रभारी को भेजी शिकायत में बताया कि वह 27 सितंबर की देर रात को कार में सवार होकर दिल्ली जा रहे थे। जब वह रात एक बजे भिगान के पास पहुंचे तो उन्हें भूख लग गई थी। उन्होंने एक होटल के पास कार को रोककर खाना खाने जाने लगे तो इसी दौरान एक कार उनके पीछे आकर रुकी और उसमें से तीन उतरे और उन पर एक युवक ने पिस्तौल तान दी। उन्होंने उनका सोने का कड़ा, दो मोबाइल और कुछ नकदी लूट ली। उसके बाद वह कार में सवार होकर भाग गए। मामले का पता लगने पर पुलिस भी पहुंच गई, हालांकि उन्होंने कोर्ट-कचहरी के चक्कर में नहीं पड़ने के चलते शिकायत नहीं दी थी। जिसके बाद वह दिल्ली चले गए। दिल्ली से वह वापस अमृतसर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत करने के बाद अब मुरथल थाना प्रभारी जसपाल को व्हाट्सएप पर शिकायत भेजकर मुकदमा दर्ज कराया है।
वहीं गांव जाहरी निवासी किसान सतीश ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे ड्रेन-6 के पास स्थित अपने खेत से घर लौट रहे थे। जब वह अंडरपास के निकट पहुंचे तो कार उनके पीछे से आई। कार को आता देखकर उन्होंने अपनी बाइक को सड़क के किनारे रोक दिया। कार से उतरे एक युवक ने रोहतक जाने का रास्ता पूछा। जब वह रास्ता बताने लगे तो युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया। कार से उतर कर आए दूसरे युवक ने जेब से 10,100 रुपये और मोबाइल निकाल लिया। युवक उनका पर्स भी निकाल ले गए, जिसमें जरूरी कागजात थे। मुरथल व सदर थाना पुलिस ने लूट के मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।