कच्चे क्वार्टर मार्केट के पास ओल्ड डीसी रोड पर डंपिंग प्वाइंट के ढांचे को तोड़ता बुलडोजर। संवाद
सोनीपत। नगर निगम की ओर से चलाए गए सेवा ही स्वच्छता अभियान के दौरान कच्चे क्वार्टर मार्केट के पास ओल्ड डीसी रोड से डंपिंग प्वाइंट को खत्म कर वहां फव्वारा लगाने के साथ सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा। रविवार को मेयर निखिल मदान व निगमायुक्त विश्राम मीणा की देखरेख में स्थायी रूप से बने ढांचे को बुलडोजर से तोड़ा गया।
सुबह ओल्ड डीसी रोड पर मेयर ने निगम आयुक्त के साथ श्रमदान किया। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। मेयर ने बताया कि डंपिंग प्वाइंट को स्थायी रूप से हटा दिया गया है। अब यहां पर कूड़ा डालना निषेध होगा। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि लोगों को यहां कूड़ा डालने से रोकेें और खुद भी कूड़ा निगम की गाड़ी में ही डालें। निगम की गाड़ी सुबह-शाम कूड़ा लेने आएगी। शहर के आबादी क्षेत्र में बने अन्य डंपिंग प्वाइंट को भी जल्द हटाया जाएगा। इस दौरान उप निगम आयुक्त हरदीप सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक सतेंद्र सिंह, कच्चे क्वार्टर मार्केट के प्रधान राकेश चोपड़ा, सहायक अभियंता नवरतन वत्स, वासुदेव सुखीजा मौजूद रहे।