कुंडली। दिल्ली में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के बीच लॉकडाउन बढ़ने की आशंका के कारण वीरवार देर रात एक परिवार टेंपो में दिल्ली से यूपी के निकाला था। केएमपी पर बारोटा के पास टेंपो सवार एक बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर चालक ने टेंपो को रोक रखा था।
इस दौरान टेंपो के पास खड़े पिता-पुत्र को एक कैंटर ने टक्कर मार दी, हादसे में बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान दो-तीन अन्य को भी चोटें आई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की मां के बयान पर कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यूपी के जिला हरदोई के गावं फिरोजापुर निवासी पिंकी ने बताया कि वह अपने पति सहबीर और 18 वर्षीय बेटे अंकित और अच्छे कुमार के साथ दिल्ली के बवाना स्थित ईश्वर कॉलोनी में रहती है। दिल्ली में लॉकडाउन की सीमा बढ़ाए जाने की आशंका के कारण परिवार हरदोई के लिए एक टेंपो में सवार हुआ था। टेंपो में उनके अलावा 12 अन्य सवारियां भी थी। वह वीरवार रात दिल्ली से यूपी के लिए निकले थे।
रात करीब दस बजे जब केएमपी पर बारोटा से आगे पहुंचे तो टेंपो सवार एक बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर चालक ने गाड़ी सड़क किनारे रोक ली। इस दौरान कुछ सवारी टेंपो में बैठी रही, जबकि उसका पति और बेटा टेंपो के पीछे खड़े हो गए। इसी दौरान कैंटर चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। कैंटर उसके बेटे के पैरों को कुचलते हुए टेंपो में जा टकराया। उसके पति व बेटे को गंभीर हालत में सामान्य अस्पताल में लाया गया, जहां से उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया गया।
केएमपी पर हादसे में युवकी की मौत हो गई जबकि उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दो-तीन अन्य को भी चोटें आई हैं, लेकिन उनका पता नहीं लग सका। कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। - संदीप कुमार, जांच अधिकारी, चौकी बारोटा