फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: पुलिस के सामने पिता ने की थी बेटी की हत्या, मां-भाई भी गिरफ्तार

Mon, 13 Apr 2026 11:27 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
गोहाना । देवीनगर कॉलोनी में रविवार को आन के लिए नर्सिंग की छात्रा की हत्या करने के मामले में पुलिस ने उसके पिता के बाद मां और भाई को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच में पता लगा है कि छात्रा की मां और भाई भी वारदात में शामिल थे।
विज्ञापन

पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पुलिस के सामने वारदात को अंजाम दिया था। छात्रा को बचाने पहुंची महिला पुलिसकर्मी पर भी जानलेवा हमला किया गया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उनको एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार रविवार को डायल-112 पर सूचना मिली थी कि शादी को लेकर देवीपुरा में युवती के साथ उसके परिजन मारपीट कर रहे हैं। इस पर दुर्गा शक्ति की टीम मौके पर पहुंची थी। विवाद के दौरान पुलिस के सामने ही आरोपियों ने चीनू (23) पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। पिता ने चाकू से बेटी का गला रेत दिया था। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर युवती के पिता अनिल को गिरफ्तार कर लिया था।
विज्ञापन


बाद में पता लगा कि युवती एएनएम द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और वह अपने पसंद के युवक से शादी करना चाहती थी लेकिन उसका परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। परिवार अपनी पसंद के लड़के से उसकी शादी करना चाहता था। युवती जिस युवक से शादी करना चाहती थी वह दूसरी जाति का था। इसी बात को लेकर रविवार सुबह घर में विवाद हो गया था।

महिला पुलिसकर्मी पर भी हमला करने का आरोप

बताया जा रहा है कि जब मौके पर मौजूद एक महिला पुलिसकर्मी ने युवती को बचाने का प्रयास किया तो उस पर भी जानलेवा हमला किया गया था। महिला पुलिसकर्मी के बयान पर ही हत्या व हत्या की कोशिश की प्राथमिकी दर्ज की गई है।



मां ने बंद कर दिया था मुख्य दरवाजा

हमले की सूचना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची थी तो युवती पर हमला किया जा रहा था। वह जान बचाने का प्रयास कर रही थी। पुलिस के आने के बाद हमला हुआ तो युवती की मां ने दरवाजा बंद कर दिया था।



पुलिस ने तीनों आरोपियों को रिमांड पर लिया
पुलिस ने मामले में पिता अनिल, मां मीरा और भाई राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। शहर थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। रिमांड के दौरान घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जाएगा।



छात्रा का अंतिम संस्कार किया

सोमवार को युवती के शव का पोस्टमार्टम भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में कराया गया। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें