सोनीपत। गांव जाटी कलां में शुक्रवार को खेत में काम कर रहे पिता-पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव जाटी कलां निवासी प्रेम सिंह (46) शुक्रवार को अपने इकलौते बेटे मनोज उर्फ भोला (26) के साथ खेत में सिंचाई करने गए थे। खेत के पास ही बिजली निगम का ट्रांसफार्मर लगा था, जहां जमीन गीली थी। दोनों पिता-पुत्र ट्रांसफार्मर से कुछ दूर काम कर रहे थे कि अचानक करंट ने उन्हें चपेट में ले लिया।
पास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने जब उन्हें गिरते देखा तो गांव में शोर मचा दिया। ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तुरंत मनोज और प्रेम सिंह को बिजली लाइन से अलग किया। मनोज में हल्की सांस महसूस होते ही ग्रामीण उन्हें लेकर दिल्ली के अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर कुंडली थाना प्रभारी सेठी मलिक, बिजली निगम कुंडली के एसडीओ दलजीत और टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और प्रेम सिंह का शव कब्जे में लेकर सोनीपत नागरिक अस्पताल भेजा।
थाना प्रभारी सेठी मलिक ने बताया कि प्रेम सिंह के भाई साहब सिंह के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस टीम सोनीपत के नागरिक अस्पताल में प्रेम सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराएगी तो मनोज के शव का पोस्टमार्टम दिल्ली में कराया जाएगा।
गांव में पिता-पुत्र की एक साथ हुई मौत से शोक की लहर दौड़ गई। परिवार का इकलौता बेटा खोने के गम में परिजनों का रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने कहा कि दोनों बेहद मेहनती थे।