कुंडली। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों को रद्द कराने की मांग को लेकर कुंडली बॉर्डर पर नेशनल हाईवे-44 पर दिनरात धरना दे रहे किसानों के बीच भी कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग घुसने लगे हैं। बेशक कुंडली बॉर्डर पर अन्नदाता सभी के लिए लंगर लगातार व खानपान का सामान बांट रहे हैं, लेकिन उनके बीच भी असामाजिक तत्व घुसकर उनके सामान को ही चोरी करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। वीरवार रात को तीन आरोपियों ने जहां किसान के ट्रैक्टर से बैटरी चोरी का प्रयास किया, वहीं एक अन्य ने एक किसान के मोबाइल को चोरी करने की कोशिश की। चोरों को किसानों ने दबोच कर पुलिस को सौंप दिया। चोर एक किसान की बाइक भी चोरी कर ले गए।
कुंडली बॉर्डर पर किसान 15 दिन से सड़क पर बैठकर धरना दे रहे हैं। सर्दी के बावजूद किसान धरने पर डटे हैं। किसान अपने साथ खानपान के साथ ही ट्रैक्टर व अन्य सामान भी लेकर आए हैं। किसानों ने अपने अपने ट्रैक्टर की ट्रालियों को ही झोपड़ी बना रखा है और उनमें ही रात गुजार रहे हैं। बेशक किसान दिनभर प्रदर्शन करने के साथ ही अन्य लोगों की भी मदद कर रहे हैं। किसान यहां लगातार लंगर लगाकर रोज अपने साथ ही हजारों अन्य लोगों को खाना खिला रहे हैं। उसके बावजूद उनके बीच भी कुछ असामाजिक तत्व घुस गए हैं। जिनकी निगाह उनके सामान पर ही है। किसानों ने ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करते तीन आरोपियों को पकड़ा है। पंजाब के जिला रोपड़ के गांव बसी निवासी गुरविंद्र सिंह ने कुंडली पुलिस को बताया कि वीरवार रात सवा 12 बजे वह अपने ट्रैक्टर-ट्राली में सो रहा था। उसने आंदोलन के दौरान अपनी ट्रैक्टर-ट्राली को इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर रखा है। रात को अचानक उसकी आंख खुली तो उसने देखा कि एक युवक उसके ट्रैक्टर की बैटरी को उतार रहा था और दो अन्य उसके पास खड़े थे। उसने आवाज लगा दी। जिस पर वह भागने लगे, लेकिन किसान साथियों ने उन्हें पकड़ लिया। तीनों को पुलिस को सौंप दिया। आरोपियों की पहचान प्रेम कालोनी कुंडली निवासी बिट्टू उर्फ नाई, मूलरूप से बिहार के जिला औरंगाबाद के गांव बढ़वा बसंतपुर फिलहाल कुंडली निवासी गुलशन कुमार और मूलरूप से बिहार के समस्तीपुर फिलहाल कुंडली निवासी मुकेश कुमार के रूप में हुई। जांच अधिकारी बिजेंद्र कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ चोरी के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
किसान की जेब से निकाल रहा था मोबाइल, दबोचा
किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए पंजाब के जिला तरनतारन के गांव सोढ़ा से आए लवप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि वीरवार तड़के तीन बजे उसकी आंख खुली तो उसने देखा कि एक युवक उसकी जेब से मोबाइल फोन चोरी कर रहा था। उसने युवक को दबोच लिया। आरोपी ने अपनी पहचान दिल्ली के अशोक नगर स्थित लाहौर अपार्टमेंट निवासी निशांत के रूप में दी। उसे कुंडली थाना पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया। उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
अंबाला से आए किसान की बाइक चोरी
कुंडली किसान आंदोलन में शामिल होने आए अंबाला के गांव शाहपुर निवासी बलबीर की बाइक चोरी हो गई। बलबीर ने पुलिस को बताया कि वह बाइक लेकर 4 दिसंबर को कुंडली आया था। उसने अपनी बाइक को मालवा मोटर्स के पास खड़ा किया था। जब वह सेवा में लगा था तो कोई उसकी बाइक को चोरी कर ले गए। बाइक नहीं मिलने पर वह अपने स्तर पर तलाश करता रहा, पता नहीं लगने पर पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।