सोनीपत। कुंडली बॉर्डर पर कड़ाके की ठंड में कृषि कानूनों को रद्द कराने की मांग को लेकर धरना दे रहे एक अन्य किसान की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह तीन दिन पहले ही पंजाब से आया था। इससे पहले धरनास्थल पर तीन दिन में तीन किसानों की जान जा चुकी है।
पंजाब के जिला पटियाला के गांव सौहली का रहने वाला किसान पाल सिंह (62) 13 दिसंबर को ही कुंडली धरनास्थल पर आया था। वह अपने साथियों व गांव के किसानों के साथ फिलहाल गांव रसोई से आगे रुका हुआ था। उसके साथियों ने बताया कि मंगलवार देर शाम को वह खाना खाने के बाद अपनी ट्रैक्टर-ट्राली में जाकर सो गया। बाद में जब साथी किसान ट्रैक्टर-ट्राली में सोने के लिए पहुंचे तो वह बेसुध पड़ा था। उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। जिस पर उन्होंने अनहोनी की आशंका के चलते चिकित्सक को दिखाया जो उसकी मौत हो चुकी थी। जिस पर उन्होंने कुंडली थाना पुलिस को अवगत कराया। जिस पर कुंडली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर देर रात सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर उसका बुधवार का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को उसके साथियों के हवाले कर दिया। वह शव को लेकर पंजाब रवाना हो गए।
हार्ट अटैक से धरने पर चौथे किसान की मौत
कुंडली धरनास्थल पर ठंड से हार्ट अटैक के कारण चौथे किसान की जान गई है।
- 8 दिसंबर को गांव बरोदा के किसान अजय की मौत हो गई
- 14 दिसंबर को पंजाब के जिला मोगा के गांव भिंडर कलां के मक्खन खान की जान गई
- 15 दिसंबर को पंजाब के जिला मोहाली के गांव कंड़ाला के किसान गुरमीत सिंह की जान गई।
वर्जन
किसानों के धरने में शामिल होने पंजाब के मोहाली से आए किसान की अचानक मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराकर बिसरा जांच के लिए भेज दिया गया है। जिससे मौत के कारणों का सही पता लग सके।
- रवि कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली।