सोनीपत। अंबाला में किसानों के रेल रोको आंदोलन के चलते रविवार को रेल यातायात बाधित रहा। किसानों के ट्रैक जाम करने के कारण लगातार पांचवें दिन दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर अप व डाउन लाइन पर 11 ट्रेनें रद्द कर दी गई तो 10 ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। हालात यह है कि लंबी दूरी की ट्रेनों के रद्द रहने और मार्ग परिवर्तित करने के कारण सवारी गाड़ियों व अन्य मेल ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बढ़ता जा रहा है।
संयुक्त किसान मोर्चा (अराजनैतिक) के आह्वान पर अंबाला में किसान बड़ी संख्या में रेलवे ट्रैक जाम कर बैठे हुए हैं। इस कारण पांच दिनों से रेलवे यातायात बाधित है। लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन बाधित होने के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा निरस्त करनी पड़ रही है। टिकट खिड़की पर टिकट कैंसिल करवाने वालों की भीड़ लग रही है। बाधित रेलवे यातायात कब तक बहाल होगा, इस सवाल का जवाब रेलवे अधिकारियों के पास भी नहीं है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जब तक किसान ट्रैक से नहीं हटते, तब तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहेगा।
कोई यात्रा निरस्त तो कोई बस अड्डे का कर रहा रुख
सोनीपत रेलवे जंक्शन से रोजाना करीब 40 हजार से अधिक यात्री आवागमन करते हैं। किसानों के रेलवे ट्रैक पर बैठने के कारण लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित हैं। रेलवे ने इस रूट से आने वाली कई ट्रेनों को मार्ग परिवर्तित कर चलाया जा रहा है। ट्रेनों का परिचालन बाधित होने से काफी यात्रियों को अपनी यात्रा निरस्त करनी पड़ रही है, वहीं काफी यात्री बस अड्डे का रुख करने लगे हैं।
यह ट्रेनें रही रद्द
अप लाइन
गाड़ी संख्या ट्रेन का नाम
14507 बठिंडा एक्सप्रेस
12459 नई दिल्ली-अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस
12497 शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस
12057 जन शताब्दी एक्सप्रेस
14033 जम्मू मेल
22430 दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस
डाउन लाइन
14508 बठिंडा एक्सप्रेस
12460 अमृतसर-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस
12498 शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस
12058 जन शताब्दी एक्सप्रेस
14034 जम्मू मेल
इन ट्रेनों के मार्ग में किया परिवर्तन
ट्रेन संख्या ट्रेन का नाम स्थिति
11078/77 झेलम एक्सप्रेस लुधियाना से नई दिल्ली के बीच मार्ग परिवर्तित किया
15708/07 आम्रपाली एक्सप्रेस लुधियाना से पुरानी दिल्ली के बीच मार्ग परिवर्तित किया
11058/57 दादर एक्सप्रेस लुधियाना से नई दिल्ली के बीच मार्ग परिवर्तित किया
12920/19 मालवा सुपरफास्ट लुधियाना से नई दिल्ली के बीच मार्ग परिवर्तित किया
14054/53 हिमाचल एक्सप्रेस मोरिंडा जंक्शन से अंबाला के बीच मार्ग परिवर्तित किया
वर्जन
किसानों के रेलवे ट्रैक पर आने से कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा तो कई का मार्ग परिवर्तित कर चलाया गया है। इससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थिति सामान्य होने तक रेल यातायात प्रभावित रहेगा।
दीपक कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे, दिल्ली