गोहाना। बस स्टैंड के पास से एक किसान का अपहरण कर कार में पिटाई करने व रोहतक के गांव फरमाणा के पास खेतों में छोड़कर भागने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मां को सूचना दी। शहर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव खानपुर कलां के रवि ने बताया कि वह गोहाना में मोबाइल सिम लेने आए थे। सिम लेकर मोबाइल में डाली तो उसी समय उनके दोस्त रोहतक के गांव टिटोली निवासी काला की कॉल आ गई और उन्हें बस स्टैंड के निकट बुला लिया। कुछ देर बाद उनका दोस्त व उसके तीन साथी इको गाड़ी में गोहाना पहुंचे। काला ने उन्हें इको में उनके साथ चलने को कहा। उन्होंने मना किया तो आरोपियों ने जबरन गाड़ी में डाल लिया। उनकी पिटाई भी की गई। आरोप है कि उनका मोबाइल, 4500 रुपये और कागज भी छीन लिए। वह उन्हें रोहतक के गांव फरमाणा में सरसों के खेत के पास उतारकर धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल व नकदी छीनने के आरोपों की जांच की जाएगी।