खेवड़ा में धरना स्थल पर किसानों को समझाने का प्रयास करते सांसद रमेश कौशिक
- फोटो : Sonipat
एनएच-334बी के बाईपास पर चार अंडरपास बनवाने की मांग को लेकर गांव खेवड़ा में धरना दे रहे किसानों से बातचीत करने पहुंचे सांसद रमेश कौशिक व विधायक मोहनलाल बड़ौली भी उन्हें मना नहीं सके। सांसद व विधायक के सामने भी किसानों ने बाईपास पर चार अंडरपास बनवाने की मांग रखते हुए ज्ञापन सौंपा। लेकिन सांसद रमेश कौशिक ने दो ही अंडरपास के निर्माण की बात कही तो किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। वह उनकी मांगों को पूरा कराने पर अड़ गए, जिस पर सांसद रमेश कौशिक व विधायक मोहनलाल बड़ौली वहां से निकल गए। किसानों ने चेतावनी दी है कि जब तक बाईपास पर चार अंडरपास का निर्माण नहीं कराया जाता है, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
रविवार को धरना दे रहे किसानों ने बताया कि एनएच 334बी के निर्माण की वजह से उनके खेतों और गांव तक जाने वाले लिंक रोड बंद हो गए हैं। किसानों को कई किलोमीटर का रास्ता तय करके खेतों में पहुंचना पड़ रहा है। एनएचएआई की ओर से उनकी सुविधा के लिए निर्माणाधीन बाईपास पर चार अंडरपास बनाने चाहिए। रास्तों को चौड़ा किया जाए ताकि भविष्य में ट्रैक्टर-ट्रालियों से किसान अपनी फसल आसानी से ला सके। सरकार ने दीपालपुर से खेवड़ा और चौहान जोशी से खेवड़ा मार्ग पर अंडरपास बनाने की मंजूरी दी है, लेकिन किसान दो अन्य अंडरपास बनाने की मांग कर रहे है। वह इसे लेकर 13 दिन से धरने पर बैठे हैं। उनके धरने को समाप्त कराने के लिए सांसद रमेश कौशिक व विधायक मोहनलाल बड़ौली रविवार को धरना स्थल पर पहुंचे थे। यहां पहुंचने पर किसानों ने सांसद रमेश कौशिक को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। जिसमें चार अंडरपास की मांग थी। इस दौरान सांसद रमेश कौशिक ने उनका ज्ञापन लेने के बाद किसानों को बताया कि एनएचएआई ने खेवड़ा के पास हाईवे बाईपास पर दो ही अंडरपास मंजूर किए हैं। यहां पर दो अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा। सांसद की बात सुनकर किसान भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया। इस पर सांसद रमेश कौशिक व विधायक मोहनलाल बड़ौली ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसानों ने धरना जारी रखने की बात कही। इस पर सांसद रमेश कौशिक व विधायक मोहन लाल बड़ौली के साथ वहां से वापस चले गए। इसके बाद किसानों ने कहा कि एनएचएआई के अधिकारियों ने किसानों की मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा।
चार फरवरी को एडीसी संग होगी मीटिंग
किसानों ने बताया कि एनएच-334बी के बाईपास पर चार अंडरपास बनवाने की मांग को लेकर एडीसी दिनेश यादव ने 4 फरवरी को बैठक होनी है। इस बैठक में एनएचएआई के अधिकारी भी शामिल होंगे। इस बारे में किसानों ने एडीसी कार्यालय में 28 जनवरी को ज्ञापन सौंपा था।