सोनीपत। संयुक्त किसान मोर्चा की जिला कमेटी ने गणतंत्र दिवस पर मांगों को लेकर जुलूस निकाला। किसान प्रतिनिधि महलाना चौक पर इकट्ठा हुए और प्रदर्शन करते हुए छोटू राम चौक तक पहुंचे।
किसानों ने एमएसपी की कानूनी गारंटी देने, बीज बिल वापस लेने, बिजली संशोधन बिल रद्द करने, स्मार्ट मीटर बंद करने, सरकार पूंजीपतियों की दलाली बंद करने, किसानों के कर्ज माफ करने, बारिश से हुए फसल नुकसान का मुआवजा देने की मांग की।
ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के अध्यक्ष हंसराज राणा ने कहा कि सरकार चंद पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है। इसकी वजह से लगातार महंगाई बढ़ रही है। यदि सरकार ने किसानों-मजदूरों की मांग पूरी नहीं की तो संयुक्त किसान मोर्चा बड़े आंदोलन की तैयारी करने जा रहा है।
इस दौरान जयकरण दहिया, भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नेता राज सिंह दलाल, राजकुमार राणा, ऑल इंडिया किसान सभा के नेता श्रद्धानंद सोलंकी, सिलक राम मलिक, किसान मजदूर पंचायत के वजीर सिंह, हरिप्रकाश, ईश्वर सिंह दहिया, दलबीर सिंह, सुरेंद्र, वेद प्रकाश, धर्मवीर सिंह, भारत, प्रताप सिंह मौजूद रहे।