संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना (सोनीपत)। गांव बरोदा में ट्यूबवेल लगाने के दौरान बकाया पैसे को लेकर हुई कहासुनी के बाद किसान सिलकराम की ईंटें मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव बरोदा निवासी रोहित ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि वह अपने चचेरे भाई सिलकराम के साथ रविवार को खेत में ट्यूबवेल लगवाने के लिए गए हुए थे। इस काम के लिए गांव के ही मोहित उर्फ मीता को बुलाया हुआ था। वह ट्यूबवेल लगाने का काम करता है। सिलकराम पहले भी उसके साथ मजदूरी और ट्यूबवेल लगाने के लिए काम पर जाते थे।
रोहित ने बताया कि काम के दौरान मोहित और सिलकराम के बीच बकया पैसों को लेकरक विवाद हो गया। आरोप है कि बहस बढ़ने पर मोहित ने सिलकराम को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी थी।
सुबह खेत के पास मिला सिलकराम का शव
परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह सिलकराम का शव कहैल्पा रोड के किनारे पड़ा मिला। घटनास्थल की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि हत्या खेत में करने केे बाद शव को घसीटकर सड़क के किनारे फेंका गया है। खेत और शव मिलने के स्थान के बीच करीब 50 मीटर की दूरी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर ने सिलकराम के सिर, आंख और शरीर के अन्य हिस्सों पर ईंटों से कई वार किए हैं। सिलकराम अविवाहित थे। वह खेती करते थे। हत्या के बाद से आरोपी भागा हुआ है। बरोदा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वर्जन
मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर मोहित के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -अशोक कुमार, प्रभारी, बरोदा थाना