-झिलमिल ढाबे के पास हुआ हादसा, देर रात परिजनों को मिली दुर्घटना की सूचना
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। मुरथल जीटी रोड पर झिलमिल ढाबे के पास सड़क पार करते समय वाहन की चपेट में आने से किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फारार हो गया। राहगीरों की सूचना पर मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया।
गांव हसनपुर निवासी राज सिंह ने बताया कि उनका भतीजा पवन (43) वीरवार शाम किसी काम से घर से निकला था। देर रात करीब डेढ़ बजे उन्हें पुलिस ने सूचना दी कि पवन की सड़क हादसे में मौत हो गई है। सूचना मिलने पर वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पवन छह भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। मुरथल थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मुरथल थाना प्रभारी राजीव ने बताया कि चालक का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।