गन्नौर। खिजरपुर अहीर रोड पर किसान की केस में गवाही देने की रंजिश रखते हुए तीन लोगों ने डंडे से पिटाई कर दी। घायल किसान के बेटे ने मामले की शिकायत थाना गन्नौर में दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। खिजरपुर अहीर निवासी प्रमोद ने बताया कि 7 नवंबर को उनके पिता अमरसिंह के साथ बाइक पर गन्नौर से घर लौट रहे थे। वह जब पूर्व सरपंच जसवंत के ट्यूबवेल के पास पहुंचे तो पीछे बाइक पर प्रमोद अपनी बाइक पर दो युवकों के साथ आया। तभी उसने अपनी बाइक उनके पिता की बाइक के सामने अड़ाकर रोक दी। प्रमोद ने केस में गवाही देने का सबक सिखाने की बात कहते हुए डंडे से उनके पिता पर हमला कर दिया। उसके दो साथियों ने भी उनके पिता की पिटाई करनी शुरू कर दी। जब उनके पिता ने शोर मचाया तो वह भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी दे कर भाग गए। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी प्रमोद व उसके दो साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।