सोनीपत। कल्याण नगर सेवा समिति व मंदिर श्री ठाकुर की ओर से महिला संकीर्तन मंडली प्रभातफेरियां निकालकर मंदिर परिसर में 14 नवंबर को होने वाले तुलसी-शालिग्राम के विवाह का न्योता दे रही हैं। मंडली रविवार को प्रभातफेरी के दौरान विधायक निखिल मदान के निवास पर पहुंची। महिला मंडली ने यहां संकीर्तन कर विधायक निखिल मदान को सपरिवार शालिग्राम की बारात व तुलसी विवाह में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया। महिला संकीर्तन मंडली सुबह प्रभातफेरी शुरू कर कल्याण नगर, बत्रा कॉलोनी, ऋषि नगर होते हुए विधायक निखिल मदान के निवास पर पहुंची। मंदिर समिति के प्रधान पवन तनेजा ने बताया कि मंदिर समिति की महिला मंडली धर्म के प्रति जागरूक करने के साथ सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने का भी आह्वान कर रही हैं। कार्यक्रम में समिति के महासचिव प्रेम नारंग, सचिव महेंद्र बत्रा, महिला मंडली की प्रधान द्रौपदी थरेजा, महासचिव वीना तनेजा, चयनिका छाबड़ा, राज मुंजाल, प्रकाश आहूजा, रितु नंदा, यशोवंती शर्मा, मोना गुगलानी, वर्षा वर्मा, संजय चावला, गिरधारी व मनोज थरेजा आदि श्रद्धालु मौजूद रहे।