रोहतक। हिसार रोड स्थित नट बोल्ट की फैक्टरी के मालिक अतुल चावला संदिग्ध हालात में लापता हो गए हैं। उनका किसी ने अपहरण किया है या मर्जी से गायब हुए हैं, यह कहना अभी जल्दबाजी होगा, लेकिन कार सोनीपत जिले के गांव रोहट के पास दो नहरों के पास लावारिस हालत में मिली है। परिजनों को उम्मीद है कि बेटा सकुशल घर लौट आएगा। पुलिस कई दृष्टिकोण से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, रविदास नगर निवासी रवींद्र चावला ने बताया कि उनकी हिसार रोड पर नट बोल्ट की फैक्टरी है। शनिवार को रात करीब 11 बजे उनका 39 वर्षीय बेटा अतुल चावला घर से कार में सवार होकर फैक्टरी में जाने की कहकर गया था, लेकिन वह फैक्टरी में नहीं पहुंचा। उसने बेटे को कॉल की तो उसने बताया कि फैक्टरी के काम से टिटौली गांव आया हुआ हूं। शाम तक घर या फैक्टरी में आ जाऊंगा। देर रात तक जब अतुल नहीं आया तो उनके मोबाइल फोन पर संपर्क किया, लेकिन बंद आ रहा था। उसने संभावित स्थानों व रिश्तेदारियों में पूछताछ की, लेकिन कहीं सुराग नहीं लग सका। मामले की सूचना आर्य नगर थाने में दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर फैक्टरी मालिक की तलाश शुरू कर दी है।
कार के अंदर पर्स मिला, जिसमें मात्र 70 रुपये
पुलिस ने रात को अतुल की तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं लग सका। रविवार को सोनीपत और खरखौदा के बीच रोहट गांव के पास लावारिस हालत में वैगनआर कार खड़ी है। पुलिस परिजनों को साथ लेकर मौके पर पहुंची तो कार मिली। कार के अंदर पर्स था, जिसमें 70 रुपये और कुछ कागजात थे।
पिता बोला- बेटा सकुशल लौट आएगा
पिता रवींद्र चावला से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनको किसी तरह की धमकी नहीं मिली। न ही किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका है। उम्मीद है कि बेटा सकुशल घर लौट आएगा। पुलिस उसे तलाश कर रही है।
वर्जन
फैक्टरी मालिक की तलाश कर रहे हैं। कार सोनीपत के रोहट गांव के पास पश्चिमी यमुना लिंक नहर के पास मिली है। मोबाइल फोन बंद आ रहा है। अब अतुल की कार यहां कैसे पहुंची और वह कहां लापता हो गया। कुछ भी पता नहीं लग रहा है।
- इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार, प्रभारी थाना आर्य नगर
हर रोज लापता हो रहे दो लोग
जिले के अंदर लोगों के घर छोड़ने या लापता होने की संख्या बढ़ती जा रही है। पुलिस रिकाॅर्ड के मुताबिक हर रोज औसतन दो केस सामने आ रहे हैं। इसमें महिलाओं व लड़कियों की संख्या 80 प्रतिशत है। बाकी 20 प्रतिशत में बुजुर्ग व युवा शामिल हैं।
यूं हुआ घटनाक्रम
: शनिवार सुबह 11 बजे फैक्टरी मालिक अतुल चावला घर से फैक्टरी में जाने की कहकर गए।
: शनिवार दोपहर एक बजे पिता ने कॉल करके पूछा तो बोला, टिटौली फैक्टरी के काम से गया हूं, वापस आ जाऊंगा।
: शाम 7 बजे कॉल की तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला।
: रविवार सुबह 11 बजे सोनीपत के नजदीक कार बरामद हुई।