कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में आग पर काबू पाते कर्मी।
- फोटो : Sonipat
कुंडली । औद्योगिक क्षेत्र स्थित गत्ता (पेपर) की फैक्टरी में रात को अचानक लगी आग से गत्ता व मशीन जलकर खाक हो गई। आगजनी की सूचना के बाद पहुंची फायर बिग्रेड की छह गाड़ियों ने 13 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का सही पता नहीं लग सका है। हालांकि बताया गया है कि मीटर के पास उठी चिंगारी के बाद आग लगी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गनीमत रही कि आग से श्रमिकों को कोई नुकसान नहीं हुआ।
कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में भूषण कोरूगेटिड बाक्सिज फैक्टरी में गत्ता के बॉक्स बनाने का काम किया जाता है। शुक्रवार की रात करीब दो बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटों को देख फैक्टरी में मौजूद श्रमिक एक दूसरे की मदद से बाहर निकले और किसी तरह जान बचाई। कर्मी ने आग लगने की सूचना फैक्टरी मालिक रामकुमार जिंदल को दी गई, जिसने सूचना दमकल विभाग को दी। इस बीच श्रमिकों ने स्थानीय प्रयासों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती चली गई। करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। इसके बाद कुंडली के साथ ही सोनीपत, राई व गन्नौर से छह गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की। आसपास की दूसरी फैक्टरियों में आग नहीं पहुंचने दी। शनिवार दोपहर को तीन बजे आग पर काबू पाया गया। फैक्टरी मालिक रामकुमार जिंदल ने बताया कि रात को अचानक आग लग गई। कर्मी ने बताया कि मीटर से चिंगारी उठी थी, उसके बाद आग बढ़ती चली गई। आग से काफी नुकसान हुआ है। गत्ते के साथ ही मशीन व बिल्डिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई।
----
सूचना के बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई थी। आग काफी बढ़ चुकी थी, लेकिन तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया गया। आग से आसपास की फैक्टरियों में नुकसान नहीं होने दिया गया।
-बलगानंद, फायरमैन, सोनीपत।