सोनीपत। गांव हुल्लाहेड़ी में लॉकडाउन तोड़ने के आरोप में गिरफ्तार युवक साहिल के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी का मुकदमा दर्ज हुआ है। युवक के लॉकडाउन तोड़ने के दौरान बनाई गई वीडियो में उसके हाथ में गांजा पत्ती के पैकेट दिख रहे हैं। हालांकि जब उसको पुलिस ने पकड़ा था तो गांजा पत्ती नहीं मिली थी। अब गांव के पूर्व सरपंच ने गांजा पत्ती से भरे चार पैकेट एक ग्रामीण के खेत से बरामद किए हैं। वह पैकेट वीडियो बनाए जाने के दौरान साहिल के हाथ में बताए गए हैं। पूर्व सरपंच ने पैकेट पुलिस को सौंप दिए। जिसमें पुलिस ने 64 ग्राम गांजा पत्ती बरामद की है। पुलिस ने पूर्व सरपंच पदम सिंह के बयान पर साहिल के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी का भी मुकदमा दर्ज कर लिया है।