शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार आरोपी पुलिस टीम के साथ।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए जगह-जगह नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। उसके बावजूद शराब तस्करी नहीं रुक पा रही है। शराब ठेके बंद होने व नए नहीं खुलने के बावजूद जिले में शराब पहुंच रही है। अवैध शराब की आपूर्ति धड़ल्ले से की जा रही है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से नौ लोगों को पकडक़र पांच मामले दर्ज किए हैं और 222 पेटी अवैध शराब बरामद की है। बीसवां मील चौक पर तो तस्कर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला तक कर चुके हैं। ऐसे में पुलिस टीम लगातार सख्ती बरत तस्करों को काबू कर रही है।
शस्त्र निरोधक टीम ने भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप पकड़ी है। एएसआई गुलशन की टीम कामी रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो युवक एक स्थान पर अवैध शराब रखे हुए हैं। वह शराब को ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। इसके चलते पुलिस ने युवकों को पकड़ लिया। उनकी पहचान मूलरूपद से नेपाल के जमदिया निवासी सोमप्रसाद व लमकीफाटा के जीवराम के रूप में हुई। आरोपी फिलहाल कबीरपुर में रहते हैं। पुलिस ने तलाशी लेने पर 125 पेटी देशी व 85 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। उन्होंने बताया कि शराब को कृष्ण निवासी रिढाऊ ने रखवाया था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी गई है।
वहीं सिटी थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के आरोप में प्रदीप, मुकेश व दीपक निवासी भदाना को काबू किया। उनके कब्जे से 54 बोतल अवैध अंग्रेजी व देशी शराब मिली। थाना सदर पुलिस ने अवैध शराब की घटना में संलिप्त आरोपी प्रवीन व सौरभ निवासी जाहरी को गिरफ्तार किया है। यह अवैध शराब सहित घूम रहे थे। तलाशी लेने पर एक पेटी अवैध अंग्रेजी शराब मिली। थाना औद्योगिक क्षेत्र बड़ी पुलिस ने अवैध शराब की घटना में संलिप्त आरोपी विकास निवासी बड़ी को गिरफ्तार किया है। तलाशी लेने पर 9 बोतल अवैध अंग्रेजी व देशी शराब मिली। इसके साथ ही थाना खरखौदा पुलिस ने अवैध शराब की घटना में संलिप्त आरोपी कृष्ण निवासी सैदपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर 63 बोतल अवैध अंग्रेजी व 9 बोतल अवैध देशी शराब मिली।
---
अवैध शराब की तस्करी किसी सूरत में सहन नहीं की जाएगी। पुलिस टीम को इसे लेकर विशेष अभियान चलाने को कहा गया है। जिसके चलते लगातार तस्कर गिरफ्तार किए जा रहे हैं।
जश्नदीप सिंह रंधावा, एसपी सोनीपत।