कोरोना की जंग में सरपंच आगे आ रहे, अपने ही गांव वालों पर दर्ज करा रहे मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सरकार ने लॉकडाउन किया हुआ है। वहीं गांवों में लॉकडाउन को सख्ती से पालन कराने के लिए प्रशासन ने सरपंचों को ठीकरी पहरा लगवाने के लिए निर्देश जारी किए हुए है। जिसपर अमल करते हुए गांवों में ठीकरी पहरा लगा रहे हैं और गांवों में आने व जाने पर पूरी तरह से रोक लगा रहे हैं। उसके बावजदू कुछ ऐसे लोग हैं जो ठीकरी पहरा देने वालों से उलझ रहे है। ऐसे ही लोगों की खिलाफत में सरपंच आगे आ गए है और अब उनपर मुकदमा दर्ज कराना शुरू कर दिया। गांव हुल्लाहेड़ी की सरपंच का आरोप है कि गांव का एक युवक दिन में 10 से 12 बार ठीकरी पहरा तोड़ रहा है। उसे समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह बात नहीं मान रहा है। जिससे सदर थाना पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया गया और उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह ही गांव भैंसवान की सरपंच ने गांव के व्यक्ति समेत उसके दो रिश्तेदारों पर मुकदमा दर्ज कराया है। गांव के उस व्यक्ति के पानीपत के रहने वाले दो रिश्तेदार तड़के पांच बजे गांव में घुसने का प्रयास कर रहे थे। जिनको ठीकरी पहरे पर बैठे युवकों ने रोकने का प्रयास किया तो वह व्यक्ति अपने रिश्तेदारों को खेतों के रास्ते से घर लेकर चला गया। जिसपर गोहारा की सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।