गोहाना । कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर गोहाना में जनस्वास्थ्य विभाग के ठेकेदार को व्हाट्सएप कॉल कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी विदेश से मांगी गई थी। पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है कि कॉल अंतरराष्ट्रीय नंबर से आई थी। मामले में एसीपी गोहाना के नेतृत्व में गठित पांच सदस्यीय एसआईटी गहनता से जांच में जुटी है।
गोहाना की हुकमचंद मंडी निवासी सुमित कुमार ने सिटी थाना गोहाना पुलिस को बताया था कि वह जनस्वास्थ्य विभाग में ठेकेदार हैं। उनके मोबाइल नंबर पर मंगलवार को व्हाट्सएप कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने कहा कि वह गोल्डी बराड़ का आदमी है। इसके बाद उसने कहा था कि एक करोड़ रुपये भिजवा दे। कुछ देर बाद उनके व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा गया था। जिसमें लिखा था तैयार हो जा इतनी गोली मारेंगे बात समझ नहीं आएगी। पता कर लिया होगा हमारे बारे में। सुमित ने पुलिस को बताया था कि उनके पास कॉल 12 अंक के मोबाइल नंबर से आई है। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एसआईटी गठित कर दी थी। एसआईटी के एसीपी मुकेश जाखड़ ने बताया कि शुरुआती जांच में पता लगा है कि कॉल विदेश से ही की गई है। अब पुलिस उस नंबर के बारे में पता लगा रही है। मामले के जल्द पटाक्षेप का प्रयास किया जा रहा है।