संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। मॉडल टाउन में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर से तीन करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने रंगदारी का आरोप हिमांशु भाऊ व साहिल रिटौली पर लगाया है। आरोप है कि इंटरनेट नंबर से कॉल कर फरवरी में रंगदारी मांगी गई थी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से गांव नैना ततारपुर वर्तमान में मॉडल टाउन निवासी रविकांत ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह प्रॉपर्टी डीलर हैं। आरोप लगाया कि 8 फरवरी को उनके पास 11 अंक के इंटरनेट नंबर से मैसेज आया था कि मैंं हिमांशु भाऊ बोल रहा हूं, कॉल कर लेना। जब पूछा कि कौन है, फिर 11 अंक के नंबर से ही कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि वह हिमांशु भाऊ का भाई साहिल रिटौली बोल रहा है। तीन करोड़ रुपये रंगदारी चाहिए, नहीं तो जल्द ही जान से हाथ धो बैठेगा। हिमांशु भाऊ गैंग के बारे में सुना ही होगा। पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने रुपये देने में असमर्थता जताई तो बोला जल्द ही दिवाली देखेगा। इसके बाद कई बार धमकियों भरे संदेश आए।
रविकांत ने बताया कि 10 मार्च को उनके पास इसी नंबर से दो कॉल आए। उन्होंने डर कर कॉल नहीं उठाया तब उनके पास वॉइस मैसेज आया कि एक का तो काम कर दिया तेरा भी जल्द ही काम बंधवा दूंगा। उसे 50 गोलियां मारी हैं और तेरे को 100 गोलियां मरवा दूंगा। इसके बाद वह बुरी तरह से डर गए। पीड़ित का कहना है कि अब वह हिम्मत कर पुलिस के पास आए हैं। उन्होंने पुलिस को मोबाइल पर आए मैसेज का स्क्रीनशॉट भी दिया। पीड़ित ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।