सोनीपत। साइबर ठग लोगों को झांसे में लेकर लगातार उनकी मेहनत की कमाई ऐंठ रहे है। सिटी थाना व सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अलग-अलग तीन लोगों को झांसे में लेकर चार लाख रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-23 निवासी बिजेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसके पास 18 मई को एक नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को थाना प्रभारी बताया। उसने कहा कि उनके बेटे के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है। अगर उसे बचाना चाहते हो तो एक लाख रुपये गुगल-पे नंबर पर डाल देना। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने घबराकर एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में उनसे और रुपये की डिमांड की गई। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया।
वहीं शहरवासी सेल्स टैक्स विभाग के सेवानिवृत्तकर्मी को व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल कर निर्वस्त्र वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद धमकी देकर 1.63 लाख रुपये की राशि ठग ली गई। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बैंक खातों में रुपये डलवाए गए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। उनके पास 12 मई को कॉल आई थी। वह तब नहाकर बाथरूम से बाहर आए थे। वीडियो रिसीव करने पर एक महिला निर्वस्त्र दिखाई दी थी। वह फोन डिस्कनेक्ट करने लगे तो उनका तौलिया नीचे गिर गया। इसी दौरान उसकी वीडियो रिकॉर्ड कर ली गई। थोड़ी देर बाद युवक ने कॉल कर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। उसने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके काफी जानकार है। उसने डराकर उनसे अलग-अलग खातों में 1.63 लाख रुपये डलवा लिए। ठगी का पता लगने पर उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया।
इंसेट
लोन दिलाने के नाम पर 1.27 लाख रुपये ठगे
श्याम नगर निवासी अशोक ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि उन्होंने एक माह पहले एक एप के जरिये लोन के लिए आवेदन किया था। उसके बाद उसके पास एक युवक की कॉल आई। उसने लोन दिलाने का झांसा देकर 1.27 लाख रुपये खातों में ट्रांसफर करवा लिए। बाद में जब उसका लोन पास नहीं हुआ। तब ठगी का पता लगा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।