सोनीपत। दिवाली पर प्रतिबंधों और प्रदूषण मुक्त त्योहार मनाने की अपील के बावजूद रविवार को जिले में जमकर आतिशबाजी हुई। पटाखे चलाने के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में 25 लोग झुलस गए। घायलों में बच्चे और बड़े दोनों शामिल हैं। पटाखों की चिंगारी और आग की चपेट में आने से झुलसे लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
विज्ञापन
दिवाली की शाम से देर रात तक शहर और आसपास के क्षेत्रों में आतिशबाजी का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान पटाखे चलाते समय कई लोग हादसों का शिकार हो गए। घायलों में बंदेपुर निवासी हन्नी, सेक्टर-27 निवासी अंकुर, नरेंद्र नगर निवासी हिना, फाजिलपुर निवासी आशा व शंकर, राजेंद्र नगर निवासी अंकित, कबीरपुर निवासी कार्तिक, मसद मोहल्ला निवासी गौरव, सिक्का कॉलोनी निवासी पूजा और इंद्रा कॉलोनी निवासी इंसान शामिल हैं। इनके अलावा वीर प्रताप सहित अन्य लोग भी पटाखों से झुलस गए।