सोनीपत। सेक्टर-7 स्थित शिवम को-ऑपरेटिव बिल्डिंग में युवक अपने साथियों के साथ वेल्डिंग का काम कर रहा था। अचानक उसके मोबाइल फोन की बैटरी फट गई। धमाके से वह इस कदर घबरा गया कि छत से गिर गया। गंभीर हालत में उसे नागरिक अस्पताल लाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।
उत्तर प्रदेश के शामली निवासी दानिश सोनीपत के मलिकपुर में रहकर वेल्डिंग का काम करते थे। वीरवार को दानिश अपने साथियों के साथ शिवम को-ऑपरेटिव बिल्डिंग में वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान दानिश के मोबाइल की बैटरी अचानक फट गई। इससे वह हदस में आ गया और उसका संतुलन बिगड़ गया। वह छत से गिर गए। परिजन गंभीर हालत में दानिश को नागरिक अस्पताल लेकर गए जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि दानिश कुछ समय पहले ही रोजगार की तलाश में सोनीपत आए थे। इस तरह हादसे में दानिश की मौत होने के बाद परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है।