हरियाणा को भले ही खेलों की धरती कहा जाता हो, लेकिन यहां जिस तरह से शूटिंग को लेकर सरकार उदासीन दिख रही है। उससे 3000 शूटरों का भविष्य दांव पर लगता दिख रहा है। प्रदेश में एक भी शूटिंग रेंज नहीं होने से स्टेट चैंपियनशिप कराने में दिक्कत आ रही है, क्योंकि इस बार दिल्ली के अंदर भी किराये पर शूटिंग रेंज नहीं मिल रही है। स्टेट चैंपियनशिप को किसी तरह से अस्थायी रेंज में कराने के लिए राइफल एसोसिएशन ने सरकार से राई स्पोर्ट्स स्कूल में जगह के लिए अनुमति मांगी। लेकिन उसको भी लटका दिया गया है।
अगर फरवरी में शूटिंग चैंपियनशिप नहीं कराई जाती है तो हरियाणा के शूटर नेशनल में नहीं खेल सकेंगे। ऐसे में पिछले चार बार से लगातार नेशनल चैंपियन बन रहे हरियाणा के सिर से यह ताज भी छिनने का खतरा मंडराने लगा है।
प्रदेश में एक भी ऐसी शूटिंग रेंज नहीं है, जिसमें स्टेट चैंपियनशिप कराई जा सके। इसलिए ही राइफल एसोसिएशन हर बार दिल्ली में कर्णी सिंह शूटिंग रेंज को किराये पर लेकर चैंपियनशिप कराती रही है। लेकिन इस बार दिल्ली के अंदर भी किराये पर शूटिंग रेंज नहीं मिल रही है और ऐसे में स्टेट चैंपियनशिप नहीं होती दिख रही है। जबकि स्टेट चैंपियनशिप में प्रदेश के करीब 3000 शूटरों को हिस्सा लेना है जो शूटिंग के अलग-अगल इवेंट में खेलते हैं। अब इन तीन हजार शूटरों का भविष्य भी दांव पर लग गया है।
अगर फरवरी में स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप नहीं कराई जाती है तो नेशनल में हरियाणा की टीम नहीं खेल सकेगी। क्योंकि अन्य सभी प्रदेशों दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, पंजाब समेत अन्य ने स्टेट चैंपियनशिप तय करके तैयारी भी शुरू कर दी है। उन सभी जगहों पर स्टेट चैंपियनशिप होते ही नेशनल की तैयारी हो जाएगी और ऐसे में स्टेट चैंपियनशिप का समय पर कराया जाना जरूरी है।
हरियाणा चार बार से लगातार बन रहा नेशनल चैंपियन
प्रदेश में कुश्ती, बॉक्सिंग व कबड्डी के साथ ही शूटिंग के खिलाड़ी लगातार आगे बढ़ रहे हैं और जिला से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के 10 हजार से ज्यादा खिलाड़ी हैं। क्योंकि शूटिंग में पिस्टल व राइफल के काफी इवेंट होते हैं और उन सभी में खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं। यहां से लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी निकल रहे हैं तो हरियाणा लगातार चार बार से नेशनल चैंपियन बन रहा है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का मानना है कि अगर हरियाणा नेशनल में खेलता है तो इस बार भी जरूर चैंपियन बनेगा। लेकिन अभी हरियाणा के हिस्सा लेने पर ही संशय दिख रहा है।
स्पोर्ट्स स्कूल में अस्थायी रेंज बनाकर चैंपियनशिप कराने की मांगी अनुमति
राज्य राइफल एसोसिएशन के महासचिव अशोक मित्तल ने बताया कि दिल्ली में रेंज नहीं मिल रही है तो प्रदेश में कोई रेंज नहीं है। इसलिए ही अब स्टेट चैंपियनशिप के लिए अस्थायी रेंज बनाने को खेल विभाग से अनुमति मांगी है और उसके लिए पत्र भेजा जा चुका है। उस पर अभी तक किसी तरह का जवाब नहीं आया है। अशोक मित्तल का कहना है कि अगर जल्द ही अनुमति नहीं मिली तो शूटरों के लिए परेशानी हो जाएगी, क्योंकि अनुमति मिलने के बाद चैंपियनशिप की तैयारी भी करनी होती है। अब खेल विभाग की अनुमति का इंतजार किया जा रहा है।