सोनीपत। पीडब्ल्यूडी की ओर से 17 किमी लंबे बाईपास का निर्माण किया जाएगा। इससे गन्नौर शहर में जल्द ही जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। यह बाईपास जीटी रोड लड़सौली से शुरू होकर गांव बांय के पास जीटी रोड तक निकाला जाएगा। इससे बड़ी इंडस्ट्रियल एरिया व बड़ी में बन रही रेल कोच फैक्टरी की तरफ आने-जाने वाले वाहन चालकों व कर्मचारियों को आवागमन में आसानी होगी। विधानसभा में गन्नौर में बाईपास नहीं होने का मुद्दा उठने के बाद सरकार के आदेश पर पीडब्ल्यूडी ने फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करके मुख्यालय भेजी है।
गन्नौर में बढ़ते वाहनों के कारण जाम की स्थिति बन रही है। ऐसे में वाहन चालकों को गन्नौर शहर से निकलना मुश्किल हो रहा है। गन्नौर शहर के जाम से निपटने के लिए पहले वर्ष 2014 में विधानसभा चुनाव से पहले विधायक कुलदीप शर्मा ने भी बाईपास का निर्माण कराने का मुद्दा उठाया था। अब विधायक निर्मल चौधरी ने इस बाईपास का मुद्दा उठाया तो सरकार के आदेश पर पीडब्लयूडी ने इसके निर्माण के लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय भेजी। अब सरकार की ओर से रिपोर्ट के आधार पर बाईपास के निर्माण को लेकर मंजूरी दी जानी है।
इस रिपोर्ट में गन्नौर शहर के लोगों की सुविधा के लिए 17 किमी लंबा बाईपास का निर्माण किया जाना है। दो लेन बाईपास के लिए छह गांवों लड़सौली, राजलूगढ़ी, भोगीपुर, अगवानपुर, गुमड़ व बांय की 131 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इस बाईपास पर चार पुलों का निर्माण किया जाएगा। इनमें दो पुल का निर्माण ड्रेन नंबर छह व दो पुलों का निर्माण दिल्ली-अंबाला रेलवे लाइन पर किया जाएगा। यह बाईपास जीटी रोड लड़सौली से शुरू होकर राजलूगढ़ी, भोगीपुर, अगवानपुर, गुमड़ व बांय के पास से निकलते हुआ वापस जीटी रोड पर मिलाया जाएगा। (संवाद)
नपा क्षेत्र और आसपास के गांवों के लोगों को होगा फायदा
बाईपास निर्माण से गन्नौर नगरपालिका क्षेत्र और इसके आसपास के ग्रामीणों को फायदा होगा। उन्हें दिल्ली, चंडीगढ़ या खानपुर की ओर जाने में काफी सहूलियत होगी। यह बाईपास गन्नौर-भोगीपुर रोड, गुमड़ गांव के पास से होता हुआ गन्नौर-चुलकाना रोड को पार कर गांव पांची गुजरान के पास फिर से जीटी रोड में मिल जाएगा। जीटी रोड पर गन्नौर चौक और अंदरूनी सड़कों के जाम से उन्हें मुक्ति मिल जाएगी। बाईपास के निर्माण पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें 110 करोड़ रुपये से जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। 90 करोड़ रुपये की लागत से बाईपास का निर्माण किया जाएगा।
वर्जन
गन्नौर शहर के बाहर वाहन चालकों की सुविधा के लिए 17 किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए छह गांवों की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। सरकार के आदेश के बाद बाईपास निर्माण के लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी गई है। - प्रवीन छिक्कारा, एसडीओ पीडब्ल्यूडी