फोटो 16- सोनीपत के हिंदू कन्या महाविद्यालय की एनसीसी कैडेट मीनल को नेपाल में पुरस्कृत करते अधिक
सोनीपत। हिंदू कन्या महाविद्यालय की एनसीसी कैडेट मीनल का चयन नेपाल में आयोजित आदान-प्रदान कार्यक्रम (वीईईपी) में देश भर से चयनित 16 कैडेट में किया गया है। उनकी उपलब्धि से जहां परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं महाविद्यालय प्रबंधन ने भी मीनल को बधाई दी है। मीनल इन दिनों नेपाल में आयोजित कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही है।
महाविद्यालय की एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट नीतू नसीयर ने बताया कि नेपाल में आयोजित आदान-प्रदान कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए देश भर से 16 एनसीसी कैडेट्स का चयन किया गया। इनमें मीनल ने अपनी काबिलियत से अपनी जगह सुनिश्चित की। सीनियर अंडर ऑफिसर मीनल सहित 2 डेलीगेट्स और 16 कैडेट्स की टीम नेपाल में है, जो नेपाली सेना दिवस और महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग ले रही हैं। टीम का वहां पहुंचने पर नेपाल के प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, सेना प्रमुख और डीजी एनसीसी ने स्वागत किया। 21 फरवरी को शुरू हुआ यह कार्यक्रम 4 मार्च तक चलेगा। सभी कैडेट्स को नेपाल के प्रमुख स्थानों का भ्रमण करवाया जाएगा।
युवाओं को वैश्चिक मंच प्रदान करता है कार्यक्रम
नीतू नसीयर ने बताया कि यह कार्यक्रम न सिर्फ दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देता है, बल्कि युवाओं को वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी प्रदान करता है। मीनल 5 मार्च को दिल्ली एनसीसी हैडक्वार्टर पहुंचेंगी जहां से 6 मार्च को सोनीपत आएंगी। प्राचार्य डाॅ. विपाशा अग्रवाल व 12 हरियाणा बटालियन सोनीपत के कमान अधिकारी कर्नल अनूप रावत ने मीनल को बधाई दी है।
लाडली की उपलब्धि पर फूले नहीं समा रहे किसान पिता
मीनल सोनीपत के गांव सिटावली की निवासी है। उनके पिता श्रीभगवान नसीयर किसान और मां गृहिणी हैं। लाडली की इस सफलता पर माता-पिता भी फूले नहीं समा रहे। पिता का कहना है कि मीनल अभी हिंदू कन्या महाविद्यालय में एमएससी रसायन विज्ञान प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही है। बेटी ने अपनी मेहनत व लग्न से उन्हें गौरवान्वित किया है।