कैंटीन के अंदर जाने के लिए खड़े पूर्व सैनिकों व उनके परिजन।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। शहर के ककरोई रोड पर कैंटीन में मैसेज मिलने के बाद सामान लेने के लिए आए राई ब्लॉक के पूर्व सैनिकों को प्रवेश करने नहीं दिया गया। ऐसे में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। कैंटीन खुलने के दो घंटे तक पूर्व सैनिक सामान खरीदने को अंदर जाने के लिए मिन्नतें करते रहे। लेकिन कैंटीन के कर्मियों ने पूर्व सैनिकों के साथ अभद्र व्यवहार किया। साथ ही उनके साथ हाथापाई करने का आरोप लगा। ऐसे में पूर्व सैनिकों ने कैंटीन के बाहर हंगामा कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने मामले को शांत कराया।
पूर्व सैनिक राजबीर बिंधरोली, सुल्तान सिंह, प्रीति नाहरी, जोगेंद्र, आरके सिंह, एसएस दहिया राई ने बताया कि कैंटीन की तरफ से उनके पास सोमवार को सामान खरीदने के लिए फोन पर मैसेज किया गया और इसके बाद कैंटीन से फोन करके भी बुलाया गया। मंगलवार सुबह नौ बजे सामान लेने को कैंटीन के बाहर पहुंच गए। जब वह कैंटीन के अंदर जाने लगे तो वहां गेट पर तैनात कर्मियों ने उन्हें घुसने तक नहीं दिया। इसके अलावा वह अपने नजदीकी पूर्व सैनिकों व उनके परिजनों को अंदर भेज रहे थे। करीब दो घंटे बाद फिर उन्होंने अंदर जाने की बात कही तो वहां गेट पर तैनात कर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यहार किया। ऐसे में पूर्व सैनिकों ने उनके साथ हाथापाई करने का आरोप लगा हंगामा कर दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने आकर मामले को शांत किया।
भूतपूर्व सैनिकों के लिए व्हाट्सएप नंबर जारी किया
पूर्व सैनिकों के हंगामे के बाद डीसी श्याम लाल पूनिया ने कैंटीन में खरीददारी के लिए पूर्व सैनिकों के दिनों का निर्धारण कर दिया है। उन्होंने पूर्व सैनिकों का आह्वान किया कि वह निर्धारित दिनों में ही कैंटीन की सेवाओं के लिए व्हाट्सएप नंबर 8816816241 पर सूचित करें। अगर कोई पूर्व सैनिक अपने ब्लॉक के दिन के अलावा अन्य किसी दिन के लिए व्हाट्सएप करेगा तो उसका पंजीकरण नहीं किया जाएगा।
डीसी श्यामलाल पूनिया ने बताया कि सोनीपत ब्लॉक के भूतपूर्व सैनिकों के लिए रविवार, शनिवार व शुक्रवार का दिन निर्धारित किया गया है। गन्नौर ब्लॉक के लिए वीरवार व खरखौदा ब्लॉक के लिए बुधवार और राई व सोनीपत ब्लॉक के भूतपूर्व सैनिकों के लिए मंगलवार का दिन निर्धारित किया गया है। जिला सैनिक बोर्ड के सैनिक एवं अद्र्ध सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर डीपीएस बधवार ने कहा कि कैंटीन से सामान सिर्फ कार्डधारक अधिकृत व्यक्ति को ही दिया जाएगा। कैंटीन में आने वाले हर व्यक्ति के लिए मास्क अनिवार्य किया गया है। सामान की पेमेंट क्रेडिट व डेबिट कार्ड से ली जाएगी।