सफीदों। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) राज्य स्तरीय टास्क फोर्स, हरियाणा सरकार के उपाध्यक्ष प्रमोद कौशिक शनिवार को रामपुर रोड स्थित ओम आयुर्वेद अस्पताल पहुंचे। अस्पताल संचालक एवं समाजसेवी आचार्य डॉ. विकास मलिक ने उनका फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। प्रमोद कौशिक ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। जब लोग अपने घर, गली, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की जिम्मेदारी समझेंगे, तभी स्वच्छ एवं सुंदर हरियाणा का निर्माण संभव होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन को जन-जन का अभियान बनाने की जरूरत है। इसके लिए लोगों को जागरूक करने के साथ उनके व्यवहार में बदलाव लाना भी जरूरी है। उन्होंने गीले और सूखे कचरे को अलग करने, कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन और सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से युवाओं, सामाजिक संगठनों को जोड़कर अभियान चलाने की अपील की। संवाद