फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: अभिषेक नैन का गोल भी नहीं दिला पाया जीत, सुमित ने दिखाया ऑलराउंडर खेल

Thu, 01 Aug 2024 10:41 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
साेनीपत। पेरिस ओलंपिक में जिले के हॉकी खिलाड़ी अभिषेक नैन ने टाेक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता बेल्जियम के खिलाफ बेहतर खेल दिखाया। अभिषेक नैन के गोल ने भारतीय टीम को बढ़त तो दिलाई, लेकिन जीत नहीं दिला सके। भारतीय टीम ने बेल्जियम की टीम पर मुकाबले के मध्य तक 1-0 से बढ़त बनाए रखी थी। अभिषेक नैन ने मुकाबले के 18वें मिनट में बेल्जियम के खिलाफ गोल दागा। हार के बाद भी भारतीय टीम ने सात अंकों के साथ पेरिस ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में क्वालीफाई कर लिया है।
विज्ञापन

मयूर विहार निवासी अभिषेक नैन ने अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाते हुए पुल मुकाबले में बेल्जियम के खिलाफ दूसरे क्वार्टर में गोल दाग दिया। विरोधी टीम के खिलाड़ी बॉल को लेकर जा रहे थे तो तभी अभिषेक ने बॉल को अपने नियंत्रण में लेकर तीन खिलाड़ियों को छकाते हुए जोरदार शॉट लगाकर गोल पोस्ट में भेजकर भारतीय टीम को बढ़त दिलाई।
स्टार खिलाड़ी सुमित कुमार ने छह बार विरोधी टीम का रास्ता रोका
गांव कुराड़ निवासी सुमित कुमार ने अपने ऑलराउंडर प्रदर्शन से प्रभावित किया। पूर्व ओलंपिक विजेता टीम के खिलाफ सुमित कुमार ने डिफेंस के साथ अटैक में भी हाथ आजमाए। सुमित कुमार ने मुकाबले में करीब छह बार विरोधी टीम के खिलाड़ियों का रास्ता रोका। मुकाबले में मध्यांतर के बाद सुमित कुमार ने विरोधी टीम के डी में घुसकर शॉट लगाया, लेकिन बॉल गोलपोस्ट से टकराकर बाहर चली गई।
विज्ञापन

हार से दुख, अगले दौर में प्रवेश की खुशी
अभिषेक के भाई आशीष नैन ने कहा कि अभिषेक ने ओलंपिक में अपना पहला गोल किया है। हालांकि टीम की हार से मन दुखी है, लेकिन खुशी यह है कि टीम अगले दौर में प्रवेश कर गई है। खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाया। अभिषेक ने मुकाबले में तीन से चार अटैक किए। एक प्रयास ही गोल में तब्दील हो सका। सुमित कुमार के भाई जयसिंह ने बताया कि सुमित बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। बेहतरीन टीम के खिलाफ भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाया है। अभिषेक नैन की माता सूरत देवी ने कहा कि भारतीय टीम बेहतर प्रदर्शन के बाद हार गई। इससे थोड़ा दुख है, लेकिन टीम अब क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। खेल प्रशंसकों को भारतीय टीम से पदक की आस है।
श्रीजेश और अभिषेक ने किया बेहतरीन प्रदर्शन
अभिषेक नैन और गोलकीपर श्रीजेश ने मुकाबले में शानदार प्रदर्शन से खेल प्रशंसकों का दिल जीत लिया। अभिषेक नैन ने मुकाबले के दौरान दूसरे क्वार्टर में गोल दाग दिया था। श्रीजेश ने जी जान लगाकर गोल रोकने का प्रयास किया। मध्यांतर के बाद बेल्जियम टीम ने डी में घुसकर शॉट लगाया। श्रीजेश ने बॉल को रोक दिया था, वह पैरों से टकराकर गोल पोस्ट में चली गई। वहीं 44वें मिनट में लगातार तीसरे पेनल्टी काॅर्नर के माध्यम से बेल्जियम टीम ने गोल किया। इससे पहले दोनों पेनल्टी काॅर्नर श्रीजेश ने रोक लिए थे। उन्होंने मुकाबले में कुल मिलाकर आठ अटैक को रोका। कप्तान हरमनप्रीत अंतिम दो मिनट में मिले पेनल्टी काॅर्नर को गोल में तब्दील करने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें