सोनीपत। शहर में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चालकों के लिए अच्छी खबर है। बाजारों में खरीदारी व सरकारी कार्यालयों में अपने कामकाज निपटाने के लिए आने वाले ई-वाहन चालकों के लिए ई-चार्जिंग स्टेशन लगाने का निर्णय लिया गया है। शुरुआती चरण में चार स्थानों पर इनको लगाने का प्रस्ताव है। जल्द ही संबंधित कंपनी के प्रतिनिधि को बुलाकर सर्वे कराया जाएगा।
नगर निगम ने सोनीपत शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और प्रदूषण को कम करने का निर्णय लिया है। यह पहली बार है जब निगम अपने स्तर पर ऐसे चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेगा। वर्तमान में 6000 से ज्यादा ई-वाहन सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं मगर मुख्य मार्गों पर ई-चार्जिंग स्टेशन नहीं होने से उनको परेशानी हो रही है।
पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम ने चार्जिंग प्वाइंट बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। शुरुआती चरण में सेक्टर-14 मार्केट, नगर निगम कार्यालय, सुभाष चौक और लघु सचिवालय में ई-चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। उसके बाद जरूरत पड़ने पर ई-चार्जिंग स्टेशन और बढ़ाए जाएंगे।
बाजार दर से कम शुल्क रखा जाएगा
नगर निगम ने चार्जिंग शुल्क बाजार दर से कम रखने का निर्णय लिया है। इससे वाहन मालिकों को आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ेगा। प्रदूषण मुक्त और हरित परिवहन की दिशा में अग्रसर करने के लिए नगर निगम ईवी चार्जिंग स्टेशनों का नेटवर्क विकसित करने जा रहा है। चार्जिंग सिस्टम से अधिक लोग ई-वाहनों को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।
नगर निगम का उद्देश्य शहर को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। ई-वाहनों को बढ़ावा देने के लिए शहर के मुख्य स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने का निर्णय लिया गया है। ईवी चार्जिंग स्टेशन लगने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। -राजीव जैन, मेयर, नगर निगम
शुरुआती चरण में चार मुख्य स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए पहले कंपनी के प्रतिनिधियों को बुलाकर विभिन्न स्थानों का सर्वे किया जाएगा।
अजय निराला, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम